सड़क सुधारीकरण की मांग पर पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता से वार्ता करते क्षेत्रीय लोग।
- फोटो : VIKAS NAGAR
क्यारा-कोटा-कुन्ना मार्ग पर शीघ्र अतिशीघ्र सुधारीकरण कार्य कराए जाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के चीफ इंजीनियर आर के गोयल का घेराव किया। इस दौरान जल्द कार्य शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। वहीं, मामले में चीफ इंजीनियर ने संबंधित कार्यदायी संस्था के प्रबंधन को फोन पर कड़ी फटकार लगाते हुए शीघ्र सुधारीकरण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
लोगों ने शिवसेना के प्रदेश महासचिव दर्शन डोभाल के नेतृत्व में मुख्य अभियंता का घेराव किया। उन्होंने कहा कि बीते चार साल से सड़क पर कोई काम नहीं हुआ है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे पड़ गए हैं। ऐसे में लोगों का सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। विभागीय की लापरवाही के कारण सड़क पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लगातार शिकायत के बाद भी संबंधित कार्यदायी संस्था सड़क की कोई सुध नहीं ले रही है। सड़क पर जगह-जगह लंबी झाड़ियां उगने लगी है। लोगों के विरोध देखते हुए चीफ इंजीनियर ने लोगों को आश्वस्त किया है कि अगर शीघ्र सुधारीकरण कार्य शुरू नहीं होता तो कार्यदायी संस्था के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाएगी। घेराव करने वालों में चकराता ब्लॉक के ज्येष्ठ प्रमुख विजयपाल तोमर, छात्र नेता स्वराज चौहान, पूर्व जौनसार बावर छात्र संघ सचिव केशर सिंह चौहान, राजेन्द्र डोभाल, सुरेन्द्र तोमर, कुलदीप तोमर, रवि तोमर आदि शामिल रहे।