व्रती परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचकर पारंपरिक तरीके से सूर्य देव की पूजा करेंगे। छठ पर्व के पहले दिन नहाय-खाय के तहत व्रती स्नान कर घर की शुद्धता का विशेष ध्यान रखते हैं और सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। आज खरना के दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे। शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा।
इस दौरान व्रती अन्न और जल दोनों का त्याग करते हैं। रविवार को संध्या अर्घ्य के दौरान बांस के सूप और टोकरी में फल, गन्ना, नारियल, ठेकुआ सहित विभिन्न पूजन सामग्री रखकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
इसके बाद व्रती पारण कर अपना व्रत खोलेंगे। छठ पर्व में स्वच्छता, पवित्रता और अनुशासन का विशेष महत्व है। मान्यता है कि सूर्य देव और छठी मैया की आराधना से परिवार में सुख-समृद्धि आती है और संतान के सुखद भविष्य व दीर्घायु की कामना पूरी होती है।