नैनीताल डीएम दीपक रावत ने जिले के सभी अधिकारियों को मीट की दुकानों और बूचड़खानों के लाइसेंस चैक करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। दीपक रावत ने कहा कि सिर्फ तय नियमों से ही जिले में मीट की दुकानें और बूचड़खाने संचालित होंगे।
यूपी में अवैध बूचड़खानों को लेकर हो रही कार्रवाई के बाद से उत्तराखंड में भी यह मुद्दा जोर पकड़ रहा है। हरिद्वार के लक्सर में तो अवैध बूचड़खानों को बंद कराने को लेकर कार्रवाई भी की गई है।
हरिद्वार जिले में पिछले दिनों पालिका ने मीट विक्रेताओं को बुलाकर दुकानों पर शीशे लगाने, साफ सफाई रखने समेत कई मानकों का पालन करने के निर्देश जारी किए थे। नगर पालिका का स्लाटर हाउस पिछले डेढ़ साल से बंद पड़ा हुआ है, जिसके पुर्ननिर्माण के लिए पालिका ने टेंडर भी जारी किया है।
31 मार्च बीत जाने के बाद सभी मीट विक्रेताओं को नए सिरे से लाइसेंस के लिए आवेदन करना था, लेकिन नगर पालिका को लाइसेंस के लिए एक भी आवेदन अभी तक प्राप्त नहीं हो पाया है। नगर पालिका के ईओ अजहर अली का कहना है कि आवेदन प्राप्त होने के बाद पालिका प्रशासन द्वारा मौके पर जाकर मानकों के अनुपालन की पुष्टि होने पर ही लाइसेंस जारी करने पर निर्णय लिया जाएगा।