कई दिन मौसम की मार सहने के बाद सोमवार को बारिश से कुछ राहत मिली। सोमवार को देहरादून में जहां बादल छाए रहे, वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में धूप खिली।
केदारघाटी में भी सोमवार को मौसम साफ रहा, केदारनाथ यात्रा सुचारू रही। उधर, चमोली जिले में रातभर हल्की बारिश के बाद सुबह मौसम साफ रहा। बदरीनाथ हाईवे अभी भी लामबगड़ में बंद है। यात्री पैदल ही आवाजाही कर रहे हैं। हेंमकुंड साहिब के लिए गोविंदघाट से 100 से अधिक यात्री घांघरिया के लिए रवाना हुए।
रविवार को केदारघाटी में तड़के से होती तेज बारिश से सोनप्रयाग से केदारनाथ के लिए पैदल यात्रा तीन घंटे देर बाद शुरू हो पाई। जबकि यात्रियों का जमावड़ा प्रात: 6 बजे से लगना शुरू हो गया था। मौसम में सुधार होने पर जिला प्रशासन के निर्देश पर प्रात: 9.30 बजे से पैदल यात्रा शुरू की गई।
12 बजे तक सोनप्रयाग से 320 यात्रियों को केदारनाथ के लिए रवाना किया गया। दोपहर एक बजेे तक गौरीकुंड पहुंचे 223 यात्रियों को ही प्रशासन ने आगे जाने दिया।
गौरीकुंड सेक्टर मजिस्ट्रेट राजपाल सिंह नेगी ने बताया कि खराब मौसम और समय अधिक होने से 97 यात्री पड़ाव पर ही रोके गए हैं। इन्हें मौसम ठीक होने पर सोमवार को पहले जत्थे के रूप में केदारनाथ के लिए रवाना किया जाएगा।
दूसरी ओर, गुप्तकाशी से अलग-अलग हेलीपैड से दो हेलीकॉप्टर से 114 यात्रियों ने केदारनाथ पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। जबकि पैदल रास्ते से पहुंचे 124 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया। कपाट खुलने के बाद अब तक 1,13,516 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।
डीएम डॉ. राघव लंगर ने बताया कि केदारनाथ की यात्रा मौसम की स्थिति के हिसाब से संचालित की जा रही है। सोनप्रयाग से पैदल रास्ते पर यात्रियों को तब ही आगे बढ़ाया जा रहा है, जब मौसम ठीक होता है।