ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश में मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के करवल गांव निवासी रामखिलावन केवट और शिवपुरी जिले के सोन्हर गांव निवासी मीना बैश की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
चारधाम की यात्रा पर आए मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों के दो तीर्थयात्रियों के तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई।
विज्ञापन
ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश में बुधवार को दोपहर 12:20 बजे मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के करवल गांव निवासी रामखिलावन केवट (75) पुत्र ननकू केवट की अचानक तबीयत बिगड़ गई। 108 एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश में लाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
वहीं, दूसरी ओर बुधवार को ट्रांजिट कैंप परिसर में मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के सोन्हर गांव निवासी मीना बैश (51) पत्नी अमर सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों की ओर से उसे शहर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसके बाद परिजनों ने हरिद्वार स्थित खड़खड़ी श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया।