कहां कितने पंजीकरण काउंटर
तीर्थयात्रियों के पंजीकरण के लिए ऋषिकेश में 20, हरिद्वार ऋषिकुल में 20 व विकासनगर में 15 काउंटर बनाए जाएंगे। इसके अलावा चेकिंग काउंटर बड़कोट, हिना, पांडुकेश्वर व सोनप्रयाग में अपरिहार्य कारणों के तहत पंजीकरण किए जाएंगे।
15 अप्रैल तक सड़कें होंगी चकाचक
लोनिवि सचिव ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़े। यात्रा मार्ग से संबंधित सभी जिलों के जिलाधिकारियों ने सड़क संंबंधी समस्याएं उनके सामने रखीं। लोनिवि सचिव ने आश्वस्त किया कि 15 अप्रैल तक सड़कों को चकाचक कर दिया जाएगा।
हरिद्वार व ऋषिकेश में बनाए जाएंगे बड़े ठहराव स्थल
चारधाम यात्रा के दौरान प्रशासन के सामने यातायात व भीड़ प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती होगी। गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने बताया कि भीड़ अधिक बढ़ने पर प्रशासन कुछ शहरों में ठहराव स्थल बनाकर भीड़ को नियंत्रित करेगा। हरिद्वार व ऋषिकेश में बड़े ठहराव स्थल बनाए जाएंगे। विकासनगर, बड़कोट, उत्तरकाशी, श्रीनगर व कीर्तिनगर में भी यात्रियों को रोकने की व्यवस्था होगी। इन सभी स्थानों पर दो से चार हजार लोगों के रुकने की व्यवस्था व भोजन आदि की व्यवस्था होगी।
यात्रा रूट को सेक्टर में किया गया है विभाजित
यातायात व्यवस्था को चकाचक बनाए जाने के लिए पुलिस की ओर से अभिनव प्रयोग किया गया है। इस बार पूरे यात्रा रूट को 10-10 किमी के सेक्टर में विभाजित किया गया है। हर 10 किमी में चीता पुलिस वाकी-टाकी के साथ गश्त करते रहेंगे। कहीं भी स्थिति गड़बड़ होने पर उसे ठीक करने के साथ ही सूचित भी करेंगे।