विभागों के बीच अच्छा समन्वय और तालमेल देखने को मिला
राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रुहेला ने कहा कि मॉक ड्रिल के माध्यम से चारधाम यात्रा की तैयारियों को और अधिक पुख्ता करने का अवसर मिला है। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि चारधाम यात्रा के सुगम तथा सुव्यवस्थित संचालन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एनडीएमए के साथ मिलकर मॉक ड्रिल आयोजित करने के लिए निर्देशित किया था। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य में हम काफी हद तक सफल हुए हैं। विभिन्न विभागों के बीच अच्छा समन्वय और तालमेल देखने को मिला। कहीं जो कुछ भी कमियां मिली हैं, उन्हें चारधाम यात्रा प्रारंभ होने से पहले दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
ये कमियां मिली
जिला अस्पताल का नहीं था डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान
एनडीएमए के प्रमुख सलाहकार मेजर जनरल सुधीर बहल ने देहरादून जिला अस्पताल में पहुंच कर अस्पताल का डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान के बारे में जानकारी जुटाई। इसमें अस्पताल का डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान तैयार नहीं था। इसे जल्द तैयार करने का निर्देश दिया गया। इसी तरह बन्नू स्कूल में भी डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान नहीं था। सीएमओ डॉ.मनोज शर्मा ने कहा कि जल्द डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान बनाया जाएगा।
संचार सेवा रही खराब, संपर्क करने में आई समस्या
पहाड़ों में कुछ जगह पर फोन से संपर्क करने में समस्या आई। सड़क पर वाहनों का दबाव अधिक होने पर एंबुलेंस में मौके की जगह पर पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा। देहरादून में रिजर्व पुलिस लाइंस में रिलीफ कैंप बनाया गया था, यहां पर प्रबंधकीय कमी मिली। पुलिस के अधिकारियों के अनुसार कैंप के लिए केवल स्थान उपलब्ध कराया गया था, उस कैंप से जुड़ी सुविधा जुटाने का काम अन्य विभागों को करना था।