हेल्थ स्क्रीनिंग टेस्ट की समुचित व्यवस्था हो
मुख्यमंत्री ने कहा, यात्रा मार्गों में श्रद्धालुओं के लिए हेल्थ स्क्रीनिंग टेस्ट की समुचित व्यवस्था की जाए। केदारनाथ व यमुनोत्री धाम के पैदल मार्गों पर घोड़े-खच्चरों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही गर्म पानी और चारा उपलब्ध कराया जाए। बैठक में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, दर्जाधारी मंत्री विश्वास डाबर, अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव गृह शैलेष बगोली, सचिव पर्यटन सचिन कुर्वे, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
शीतकाल यात्रा के स्थलों का तैयार होगा मास्टर प्लान
मुख्यमंत्री ने शीतकालीन यात्रा स्थलों का मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। इनके अलावा चारों धामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों के आसपास के क्षेत्रों को भी विकसित करने को कहा। सीएम ने कहा, गंगोत्री व यमुनोत्री के मास्टर प्लान पर भी कार्य किया जाए। 2026 में होने वाली नंदा राजजात और 2027 के कुंभ के लिए भी तैयारी करने के निर्देश दिए।
नौकरी की शुरुआत करने वाले स्थान को गोद लें अधिकारी
मुख्यमंत्री ने सभी आईएएस, आईपीएस और पीसीएस अधिकारियों से कहा, राज्य के जिस तहसील, पुलिस थाने, ब्लॉक या अन्य क्षेत्रों से नौकरी की शुरुआत की है, उसे गोद लेकर उनके विकास में योगदान दें। अपनी नौकरी के शुरुआत के इन क्षेत्रों में रात्रि प्रवास कर जन समस्याओं का समाधान करें। सरकारी स्कूलों, अस्पतालों और अन्य संस्थानों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी करें।