महिला और बुजुर्ग तीर्थयात्री कुर्सी में बैठकर कराएंगे पंजीकरण
ट्रांजिट कैंप में महिला और बुजुर्ग तीर्थयात्रियों को पंजीकरण के लिए लाइन में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। गढ़वाल आयुक्त ने अधीनस्थों को लाइनों में कुर्सी लगाने के निर्देश दिए। यात्री इन कुर्सियों पर बैठकर आगे बढ़ते रहेंगे। इसके लिए काउंटर पर कुर्सियां लगा दी गई है। गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि इससे तीर्थयात्रियों को पंजीकरण कराने में आसानी होगी।
जल संस्थान तीर्थयात्रियों को पिलाएगा पानी
जिलाधिकारी सविन बंसल ने ट्रांजिट कैंप स्थित आयुक्त कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ट्रांजिट कैंप में पंजीकरण काउंटर के पास थोड़ी-थोड़ी दूरी पर पानी भरे हुए कैंपर रखे जाएं। कैंपर के पास कागज के गिलास रखे जाएं। साथ ही दो कर्मचारियों की ड्यूटी पानी पिलाने के लिए लगानी होगी। ये कर्मचारी पंजीकरण के लिए लाइन में खड़े तीर्थयात्रियों को पानी पीने के लिए देंगे। उन्होंने कहा कि इस काम को तुरंत किया जाए। इस काम के लिए जल संस्थान को दो शिफ्ट में 12 कर्मचारियों की ड्यूटी लगानी होगी।
ट्रांजिट कैंप में ये सुविधाएं उपलब्ध
- पार्किंग सुविधा : 200 छोटे व 150 बड़े वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा
- चिकित्सा केंद्र : पांच बेड का चिकित्सा केंद्र
- डॉरमेट्री : यात्रियों के ठहरने के लिए 112 बेड की वातानुकूलित डॉरमेट्री
- पंजीकरण काउंटर : 24 पंजीकरण काउंटर, दिव्यांगों व बुजुर्गों के लिए अलग से व्यवस्था
- सुलभ शौचालय : 50-50 सीट के दो सुलभ शौचालय
- पुलिस कंट्रोल रूम : सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं के लिए यहां पुलिस कंट्रोल रूम
- जर्मन हैंगर टेंट : यात्रियों के ठहरने के लिए तीन बड़े जर्मन हैंगर टेंट