अब तक 11 श्रद्धालुओं की मौत, मेडिकल हिस्ट्री पर जोर
मंडलायुक्त विनय शंकर पांडेय ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान अलग स्थानों पर अब तक 11 तीर्थयात्रियों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव ने रजिस्ट्रेशन के दौरान श्रद्धालुओं से उनकी मेडिकल हिस्ट्री अनिवार्य रूप से प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। कुछ श्रद्धालु इसे छुपा रहे हैं या गलत जानकारी दे रहे हैं। सीएस ने नियमों का कड़ाई से पालन कराने, 50 वर्ष से अधिक उम्र के यात्रियों की हेल्थ स्क्रीनिंग पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए। सचिव स्वास्थ्य ने बताया कि यात्रा रूट पर 184 चिकित्सकों की तैनाती की गई है। इनमें 44 स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स हैं। श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में कैथ लैब शुरू की गई है।
27 लाख से ऊपर पंजीकरण, छह दिन में 3.34 लाख ने किए दर्शन
चारधाम यात्रा के लिए अब तक 27 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। जबकि तीन लाख 34 हजार 732 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। केदारनाथ में अब तक 1,55,584, गंगोत्री में 63,078, यमुनोत्री में 70,433 और बदरीनाथ में 45,637 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं।