आपदा प्रबंधन मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री डा. धन सिंह रावत ने रविवार को आपदा प्रभावित तपोवन क्षेत्र का भ्रमण कर जन समस्याएं सुनी। उन्होंने भंग्यूल गांव के लोगों के लिए धौली गंगा पर स्थायी पुल निर्माण के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि रडांग बैंड में दो दिनों के भीतर बदरीनाथ हाईवे सुुचारु हो जाएगा।
रविवार को बदरीनाथ धाम से लौटने के बाद मंत्री ने हाईवे का स्थलीय निरीक्षण किया। मंत्री ने कार्यदायी संस्था को दो दिनों के भीतर हाईवे को सुचारु करने के निर्देश दिए। बड़ागांव, ढाक, तपोवन, भंग्यूल और रैणी गांव का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। तपोवन-भविष्य बदरी-सुभाई सड़क के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को गुणवत्ता पूर्वक कार्य समय पर पूर्ण करने के लिया कहा।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, चमोली जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, किशोर सिह पंवार, मंडल अध्यक्ष जगदीश सती, नगर अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत, पूर्व पालिकाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती आदि मौजूद थे।