यात्रा बढ़ने के साथ ही पुलिस ने केदारनाथ में सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए दो महिला कर्मियों समेत 9 जवान धाम भेजे गए हैं। चौकी प्रभारी मृदुल रावत के नेतृत्व में 13 सदस्यीय पुलिस दल कपाटोद्घाटन के दिन केदारनाथ में तैनात किया गया था।
इसके बाद चार सदस्यीए एक और टीम धाम भेजी गई थी। पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि धाम में अब 22 सदस्यीय टीम तैनात की गई है, जिसमें क्यूआरटी भी शामिल है। बताया कि लिनचोली और भीमबली में पुलिस दल तैनात किया गया है।
1619 श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन
बुधवार को केदारनाथ में 1619 श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य अर्जित किया। देवस्थानम बोर्ड द्वारा धाम के लिए 1788 ई-पास जारी किए गए थे। बोर्ड के मीडिया प्रभारी डा. हरीश चंद्र गौड ने बताया कि दर्शनार्थियों में 932 पुरुष, 673 महिलाएं व 14 बच्चे शामिल हैं।
देवस्थानम बोर्ड से अनुमति मिलने के बाद श्रद्धालुओं के लिए सभामंडप से बाबा के दर्शनों की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। यात्रा के सफल संचालन के लिए केदारनाथ में सभी इंतजाम पूरे किए गए हैं।
- वंदना सिंह, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग