केदारनाथ के लिए आज से उड़ान भरेंगे हेलिकॉप्टर
करीब सवा दो माह बाद केदारनाथ धाम के लिए 15 सितंबर से हेली सेवा शुरू होगी। गुप्तकाशी, सिरसी व फाटा हेलीपैड से नौ एविएशन कंपनियों के हेलिकॉप्टर उड़ान भरेंगे। मौसम खराब रहने की स्थिति में हेलिकॉप्टरों को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। 30 सितंबर तक हेली सेवा की टिकट फुल हो चुकी है। जबकि एक से 15 अक्तूबर तक की यात्रा के लिए केदारनाथ व हेमकुंड साहिब हेली टिकट बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट 22 सितंबर को खुलेगी। सोमवार को हेमकुंड साहिब की 15 से 30 सितंबर तक की यात्रा के लिए हेली टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है। पहले दिन 223 टिकट की ऑनलाइन बुकिंग की गई।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि केदारनाथ धाम हेली सेवा के लिए सभी तैयारियों पूरी कर ली गई हैं। हेली ऑपरेटरों के हेलिकॉप्टर सिरसी, फाटा व गुप्तकाशी हेलीपैड पहुंच गए हैं। डीजीसीए की टीम ने सहस्त्रधारा, केदारनाथ के साथ अन्य हेलीपैड में सुरक्षा ऑडिट किया है। मौसम संबंधी जानकारी के लिए सहस्त्रधारा व केदार घाटी में सीतापुर के पास एटीएस संचालित है। मौसम खराब रहने की स्थिति में हेलिकॉप्टर को उड़ान की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने यात्रियों से आग्रह किया कि हेली सेवाओं की ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी की अधिकारी वेबसाइट का इस्तेमाल करें।
हेलीपैड किराया प्रति यात्री(आने-जाने का)
गुप्तकाशी के केदारनाथ 12,762 रुपये
फाटा से केदारनाथ 10,164 रुपये
सिरसी से केदारनाथ 6,390 रुपये
गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब 11,834 रुपये
चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को दिशानिर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्गों पर यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जा रही है। यात्रा से संबंधित जिलों के जिलाधिकारी और विभागों आपसी समन्वय से यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाया जा रहा है। इस बार भी यात्रा एक नया रिकॉर्ड बनाएगी।
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री