- गृह मंत्रालय ने वर्चुअल बैठक में ली यात्रा में सुरक्षा व व्यवस्थाओं की जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। चारधाम यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था के लिए केंद्र सरकार से अगले माह अर्द्धसैनिक बल की 15 कंपनियां उपलब्ध कराई जाएंगी। बुधवार को गृह मंत्रालय के साथ वर्चुअल बैठक में चारधाम यात्रा में सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में गृह सचिव शैलेष बगौली ने 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा में सरकार की तैयारियों के बारे में जानकारी दी। बैठक में तय किया गया कि बीते वर्ष केंद्र सरकार की ओर से पहली बार अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया था। इस बार भी केंद्र अगले माह तक 15 कंपनियों को उत्तराखंड भेज देगा।
बैठक में सचिव नागरिक उड्डयन सचिन कुर्वे ने हेली सेवा के संचालन में सुरक्षा प्रबंध के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डीजीसीए के नियमों के अनुसार इस बार शटल उड़ान में 30 प्रतिशत की कमी की गई है। इसके अलावा केदारनाथ घाटी में मौसम संबंधित सूचना देने के लिए स्वचालित मौसम अवलोकन प्रणाली स्थापित किए गए। इसके अलावा हेली सेवा की निगरानी के लिए पैन-टिल्ट-ज़ूम लगाए गए हैं।