यात्रा की तैयारियों के लिए दिशा निर्देश दिए
विजय प्रसाद थपलियाल ने यात्रा पड़ावों पर स्थित टिहरी, घनसाली, कर्णप्रयाग, नंदप्रयाग, चमोली, पीपलकोटी और जोशीमठ के विश्राम गृहों का निरीक्षण किया। योग ध्यान बदरी पांडुकेश्वर मंदिर की व्यवस्थाओं को देखा। ज्योतिर्मठ में अधिकारी व कर्मचारियों की बैठक लेते हुए उन्होंने यात्रा की तैयारियों के लिए दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर सहायक अभियंता विपिन तिवारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान, मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान, कुलदीप भट्ट आदि मौजूद रहे।
नगर पंचायत की परिसंपत्तियों को नहीं हुआ नुकसान
नगर पंचायत बदरीनाथ के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित ने बताया बर्फबारी से नगर पंचायत की परिसंपत्तियों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। कहा कि एक अप्रैल को नगर पंचायत की टीम बदरीनाथ धाम पहुंचेगी। धाम में पथ प्रकाश की व्यवस्था, क्षतिग्रस्त रास्तों का सुधारीकरण व अन्य यात्रा सुविधाएं जुटाई जाएंगी। संवाद
कंचन गंगा के समीप चट्टान टूटी, हाईवे बंद
बदरीनाथ हाईवे पर कंचनगंगा के समीप बुधवार को सुबह करीब आठ बजे चट्टान का एक हिस्सा टूटकर हाईवे पर आ गया। जिससे यहां दिनभर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। बीकेटीसी और नगर पंचायत की टीम भी यहां से बदरीनाथ तक पैदल पहुंची। जबकि ऊर्जा निगम और जल संस्थान की टीम हाईवे बाधित होने के कारण धाम तक नहीं जा पाई। बीआरओ के अधिकारियों ने बताया कि कंचनगंगा के समीप चट्टान का एक हिस्सा अचानक टूटकर हाईवे पर आ गया है। हाईवे को बृहस्पतिवार तक वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु कर दिया जाएगा।