आगामी केदारनाथ यात्रा पर आने वाले प्रत्येक यात्री को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए केदारनाथ समेत मद्महेश्वर, तुंगनाथ और हेमकुंड साहिब आने वाले यात्रियों का भी कोरोना टीकाकरण किए जाने का निर्णय लिया गया है।
Corona in Uttarakhand: 24 घंटे में मिले 78 नए संक्रमित, एक भी मरीज की नहीं हुई मौत
प्रदेश सरकार व देवस्थानम बोर्ड ने यात्रा में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सिक्स सिग्मा संस्था को पत्र लिखा है। केदारनाथ यात्रा के पहले दिन से ही सिक्स सिग्मा की मेडिकल टीम द्वारा बाबा केदार के दर्शनों को आने वाले प्रत्येक यात्री का सोनप्रयाग, गौरीकुंड व अन्य पड़ावों के साथ ही केदारनाथ में कोविड-19 टीकाकरण किया जाएगा।
इसके लिए संस्था द्वारा सरकार से वैक्सीनेशन कोटा की मांग की जा चुकी है। यही नहीं, सोनप्रयाग, गौरीकुंड, जंगलचट्टी, भीमबली, लिनचोली में यात्रियों की कोरोना जांच की जाएगी।
सिक्स सिग्मा के 98 डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ देंगे सेवा
यात्रा में सिक्स सिग्मा के 98 डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ केदारनाथ समेत अन्य स्थानों पर अपनी सेवाएं देगा। इस दौरान जहां केदारनाथ में हाई एल्टीट्यूड अस्पताल का संचालन कर जरूरतमंद यात्रियों को तत्काल उपचार मिल सकेगा।
वहीं, गंभीर रोगियों के लिए इमरजेंसी सेवाएं मौजूद रहेंगी। साथ ही रेफर करने के लिए एयर एंबुलेंस की मदद ली जाएगी। संस्था की 24 सदस्यीय टीम आगामी 24 अप्रैल को जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग पहुंच जाएगी। इसके बाद अन्य चिकित्सक व कर्मचारी रोटेशन के हिसाब से धामों में पहुंचेंगे।
यात्रा में चिकित्सकीय सुविधा के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। हम, प्रत्येक यात्री का कोरोना जांच के साथ ही उनका टीकाकरण भी करेंगे। हमारी चिकित्सकीय टीम द्वारा इन दिनों मसूरी में आईटीबीपी के साथ विशेष प्रशिक्षण भी लिया जा रहा है। डा. प्रदीप भारद्वाज, सीईओ , सिक्स सिग्मा
सिक्स सिग्मा के सीईओ से दूरभाष पर बात हुई है। यात्रा में कोरोना टीकाकरण व जांच को लेकर संस्था के अधिकारियों से जल्द पुन: वार्ता की जाएगी। जिसके बाद कार्ययोजना तैयार होगी।
- मनुज गोयल , जिलाधिकारी, रुद्रप्रयाग