रुद्रप्रयाग में काश्तकारों के स्थानीय उत्पादों को ब्लैक बर्ड आईटी कंपनी के सहयोग से ऑनलाइन बेचा जाएगा। इस सुविधा से उत्पादों को सुलभ बाजार मिलने से काश्तकारों की आर्थिकी को भी बल मिलेगा।
रुद्रप्रयाग में 336 ग्राम पंचायतों व चार निकाय क्षेत्रों में लगभग दो सौ महिला स्वयं सहायता समूह कार्य कर रहे हैं। इनके द्वारा सब्जी, डेयरी, अचार, पापड, मशरूम उत्पादन, सिलाई-बुनाई आदि का कार्य किया जा रहा है। साथ ही जनपद में सवा सौ प्रगतिशील काश्तकार हैं, जो गांवों में वृहद स्तर पर सब्जी व फलोत्पादन कर रहे हैं, लेकिन बाजार के अभाव में बिचौलियों द्वारा काश्तकारों से कम दामों में उत्पाद खरीदकर मोटा मुनाफा कमाया जा रहा है, लेकिन, अब काश्तकारों को उत्पादों के लिए सीधे ग्राहक मिल सकेंगे।
जिला प्रशासन ने इसके लिए ब्लैक बर्ड आईटी कंपनी से अनुबंध किया है, जो काश्तकारों व महिला समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री करेगा। कंपनी के हिमांशु नेगी ने बताया कि उनके कर्मचारी स्वयं काश्तकार के उत्पाद को ग्राहक तक पहुंचाएगी।