उत्तराखंड देवस्थानम बोर्ड की ओर से चारधाम यात्रा के लिए अब तक 85785 ई-पास जारी किए गए हैं। इसमें लगभग 46 हजार तीर्थ यात्री बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में दर्शन कर चुके हैं। चारधाम यात्रा के लिए देवस्थानम बोर्ड की वेबसाइट पर पंजीकरण अनिवार्य है। बोर्ड की ओर से जारी ई-पास से ही बाहरी राज्यों के तीर्थ यात्री दर्शन कर सकेंगे।
हेली सेवा से जाने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए ई-पास में छूट
केदारनाथ धाम के लिए जल्द ही हेली सेवा शुरू होने वाली है। इसके लिए नागरिक उड्डयन विभाग की ओर से एसओपी जारी की जाएगी। सिरसी, फाटा, गुप्तकाशी से नौ सिविल एविएशन कंपनी के माध्यम से हेली सेवा का संचालन किया जाएगा। हेली सेवा से केदारनाथ जाने वाले तीर्थ यात्रियों के स्वास्थ्य की जांच एविएशन कंपनी के माध्यम से की जाएगी।
एक जुलाई से शुरू हुई चारधाम यात्रा
कोविड महामारी के कारण सरकार ने एक जुलाई से प्रदेश के लोगों के लिए चारधाम यात्रा खोली थी। इसके बाद 25 जुलाई से प्रदेश के बाहर के तीर्थ यात्रियों के लिए सशर्त यात्रा खोली गई थी। अब देवस्थानम बोर्ड ने बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों के लिए कोविड निगेटिव जांच रिपोर्ट और क्वांरटीन में छूट दी है। जिससे यात्रा में आने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी है।
चारधाम यात्रा को लेकर यात्रियों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। वर्तमान में चारधामों में यात्रियों के ठहरने, खाने और स्वास्थ्य की क्या व्यवस्था है, इस पर जिलाधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर सीमित संख्या को बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। नवरात्रों पर बाहरी राज्यों से काफी संख्या में श्रद्धालु चारधाम के दर्शन के लिए आते हैं।
- रविनाथ रमन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड