चारधाम यात्रा की शुरूआत सात मई से हो जाएगी, लेकिन अभी तैयारियां पूरी नहीं हो पाई हैं। केदारनाथ धाम में भारी हिमपात से रास्तों को पहुंचे नुकसान का मरम्मत का काम चल रहा है। हेलीसर्विस शुरू करने के लिए टेंडर आमंत्रित करने का प्रकरण हाईकोर्ट में विचाराधीन है, जिससे अभी हेली सेवाएं शुरू नहीं हो पाएंगी। धामों पर शौचालयों, पार्किंग, आवासीय व्यवस्था लगभग दुरुस्त हो चुकी हैं। लैंडस्लाइड जोन पर जेसीबी मशीनें तैनात कर दी हैं, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले अभी नहीं लगे हैं।
चार धाम यात्रा की तैयारियां आचार संहिता के चलते प्रभावित हुई हैं। निर्वाचन आयोग से नए कार्य करवाने और मरम्मत कार्यों के लिए अनुमति मिलने में समय लगा। हालांकि आयोग ने पर्यटन विभाग सहित अन्य सभी विभागों के प्रस्तावों को अनुमोदन दे दिया है। लोकनिर्माण विभाग के चार धाम आल वेदर रोड पर 40 कार्य चल रहे हैं, जिसमें से दो पूरे हो चुके हैं। सड़कों पर निर्माण कार्य यात्रा के दौरान धीमी रफ्तार से चलेगा, जबकि कटिंग का कार्य रोक दिया गया है। चार धाम यात्रा मार्ग के प्रत्येक दो किलोमीटर का सर्वे कर सड़क सुरक्षा के लिए पैरापिट, क्रेशबैरियर एवं साइन बोर्ड लगा दिए गए हैं। यात्रियों की सुविधा और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अलग अलग स्थानों पर छोटे लाउड स्पीकर से घोषणा की जाएगी। चारों धामों पर सफाई अभियान गतिमान है, जिसे सात मई तक पूरा किया जाना है।
सरकारी टीम अब जाकर यात्रा के पुराने मार्गों, चट्टियों, पड़ावों को तलाशने और उन्हें पुनर्जीवित करने के अभियान पर निकली हुई है। 11 सदस्यीय इस अभियान दल में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अलावा नेहरू पर्वतारोहण संस्था, उत्तराखंड अंतरिक्ष केंद्र और वन विभाग के प्रतिनिधि शामिल हैं। यह टीम 30 मई को सर्वे करके लौटेगा।
ये तैयारियां हो गई हैं पूरी
गंगोत्री और यमुनोत्री
- यमुनोत्री में एक कार्डियो एंबुलेंस।
- गंगोत्री में जिला काआपरेटिव सोसाइटी का एटीएम लगा।
- दोनों स्थानों पर सफाई अभियान का कार्य गतिमान।
- यमुनोत्री पैदल मार्ग पर पर्याप्त मात्रा में आक्सीजन सिलेंडर कराए उपलब्ध।
- यात्रियों की सुविधा के लिए शिकायत प्रकोष्ठ का हुआ गठन।
- यमुनोत्री के पैदल मार्ग पर एसडीआरएफ की तैनाती
केदारनाथ धाम
- लैंडस्लाइड जोन पर जेसीबी मशीन किये तैनात।
- यात्रा मार्ग को तीन सेक्टर्स में बांट अधिकारी तैनात।
- गौरीकुंड से केदारनाथ तक बर्फ कटान का कार्य पूरा।
- मार्ग शौचालय और पेयजल की व्यवस्था कार्य हुआ पूरा।
- केदारनाथयात्रा वेबसाइट का हुआ निर्माण, 7 से होगी शुरू।
- धाम में दर्शन के लिए टोकन व्यवस्था की दी जाएगी सुविधा।
- दो सौ यात्रियों का समूह एक बार में भेजा जाएगा दर्शन के लिए।
बदरीनाथ धाम
- यात्रा मार्ग और धाम में सफाई अभियान पूर्ण।
- धाम में विद्युत आपूर्ति और जलापूर्ति की सुविधा सुनिश्चित।
- स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चिकित्सकों की ड्यूटी हुई तय।
- यात्रा मार्ग पर चार शौचालयों की किया गया है निर्माण।