वैकल्पिक मार्ग से जा रहे हैं यात्री
क्षेत्रपाल में हाईवे बंद होने के कारण पुलिस प्रशासन की ओर से जगह-जगह कुल 456 तीर्थयात्री रोके गए हैं। बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा पर जाने वाले करीब 320 तीर्थयात्रियों को चमोली, कुहेड़, मैठाणा और नंदप्रयाग में जबकि वहीं बदरीनाथ की यात्रा कर लौट रहे 136 तीर्थयात्रियों को छिनका में रोका गया है। क्षेत्रपाल से 64 तीर्थयात्री चार किलोमीटर पैदल सफर करने के बाद हाईवे के दूसरे छोर चमोली बाजार पहुंचे और यहां से स्थानीय वाहनों से अपने गंतव्य को लौट गए।
ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग नरेंद्रनगर में दिनभर रहा बंद
ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सोमवार को पुरानी चुंगी के पास दिनभर बंद रहा। जिससे टिहरी जाने वाले सभी बड़े वाहनों को भद्रकाली में रोक दिया गया। ऑल वेदर सड़क निर्माण में लगे अधिकारी ने देर सायं तक सड़क खुलने का दावा किया है। रविवार रात को हुई भारी बारिश से राष्ट्रीय राजमार्ग यहां पुरानी चुंगी के पास पहाड़ धंसने से राजमार्ग रात करीब ढाई बजे बंद हो गया। सड़क बंद होने के कुछ देर बाद मलबा हटाने के लिए दोनों ओर से जेसीबी मशीन लगाई गई। लेकिन मलबा इतना अधिक था कि सोमवार शाम तक भी सड़क से पूरा मलबा नहीं हटाया जा सका।
सड़क बंद होने पर छोटे वाहनों को वाया पीटीसी भेजा गया। लेकिन बड़े वाहनों को भद्रकाली में ही रोक दिया गया। जबकि बड़ी संख्या में सड़क के दोनों ओर ट्रक फंसे रहे। राजमार्ग देर रात प्लास्डा में बंद हो गया था। लेकिन वहां मलबा कम होने पर सोमवार सुबह साढ़े दस बजे खोल दिया गया। वहीं पुरानी चुंगी के पास सड़क दिनभर बंद रही। ऑल वेदर सड़क निर्माण के सेक्शन ऑफिसर रोहित राणा ने बताया कि शाम पांच बजे कुछ छोटे वाहनों को पास कराया गया। लेकिन फिर से मलबा आने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सोमवार देर शाम तक यातायात सुचारू कर दिया जाएगा।