फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dehradun News: छह नंबर पुलिया पर ताबड़तोड़ फायरिंग, दो को लगी गोली

विज्ञापन
विज्ञापन
रायपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम रिंग रोड स्थित छह नंबर पुलिया के पास शराब के ठेके के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। घटना में दो लोग गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया है, जबकि फायरिंग करने वाले आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बदमाश फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार, छह नंबर पुलिया स्थित शराब के ठेके के बाहर कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। गोलियां चलने से मौके पर भगदड़ मच गई और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

फायरिंग में नवीन राणा (39) और कविंद्र शर्मा (25) गोली लगने से घायल हो गए। नवीन राणा के कंधे में गोली लगी है। वह एक मोबाइल कंपनी में मार्केटिंग का कार्य करते हैं और उनका उपचार कैलाश अस्पताल में चल रहा है। वहीं कविंद्र शर्मा के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है। उन्हें तत्काल दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
विज्ञापन

घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि फायरिंग करने वालों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। कई लोग शराब के ठेके के बाहर धरने पर बैठ गए और ठेका हटाने की मांग करने लगे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पहले भी इस ठेके का विरोध कर चुके हैं। उनका आरोप है कि ठेके के कारण आए दिन झगड़े, मारपीट और कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा होती रहती है। लोगों ने प्रशासन से ठेका तत्काल हटाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
-

करीब साढ़े नौ बजे का वक्त रहा होगा। रिंग रोड में पुलिया नंबर छह के पास घटनाक्रम हुआ। कुछ व्यक्तियों ने बताया गया कि वह अंग्रेजी शराब के ठेके के बाहर खड़े थे। उन्होंने कुछ लोगों को भागते हुए देखा और फायरिंग की आवाज सुनी। इसमें दो लोग घायल हुए हैं। एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी है जबकि दूसरे के कंधे में गोली लगी है। दोनों की स्थिति खतरे से बाहर हैं। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। शुरुआती पूछताछ में दोनों घायलों ने बताया है कि उनका गोली चलाने वालों से कोई संबंध नहीं है, लेकिन घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों से गहन पूछताछ की जा रही है। इस मामले के जल्द से जल्द खुलासे के प्रयास किए जा रहे हैं। - प्रमोद कुमार, एसपी सिटी
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें