पहले भी हुई मारपीट की घटना
कुछ दिन पूर्व ज्योतिर्मठ में पार्किंग को लेकर विवाद में हेमकुंड यात्रियों ने पिता-पुत्र को जख्मी कर दिया था। दूसरे मामले में हेमकुंड साहिब में दो श्रद्धालुओं पर हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया था। उनसे जुड़े विवाद के अब तक ज्योतिर्मठ व गोविंंदघाट थाने में दो-दो मामले सामने आ चुके हैं। संवाद
दोधारी तलवार, कृपाण, चाकू और फरसा लेकर यात्रा पर पहुंचे निहंग
हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा पर पहुंचे निहंगों के पास से पुलिस ने तलवार, कृपाण, कुल्हाड़ी, बड़ी दोधारी तलवार, चाकू और फरसा जैसे धारदार हथियार बरामद किए हैं। कोतवाली पुलिस ने जनता की ओर से हत्या का प्रयास, दंगा, घातक हथियार प्रयोग करने, शांति भंग और आपराधिक धमकी देने के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं घायल एसएसआई की तरफ से हत्या का प्रयास, लोक सेवक को उसके कर्तव्य का पालन करने से रोकने व चोट पहुंचाने, दंगा और सरकारी कर्मचारी पर हमला करने के तहत मामला दर्ज किया गया है। ज्योतिर्मठ कोतवाली पुलिस ने मामले में हरप्रीत सिंह, अमृतपाल सिंह, हरप्रीत, बिंदर सिंह, गरजा सिंह, हरजोत सिंह और भोला सिंह को गिरफ्तार किया है। सभी पंजाब के फतेहगढ़ निवासी हैं।
आठ उत्पातियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उनके वाहनों से कुछ हथियार भी बरामद हुए हैं।
- देवेंद्र सिंह, कोतवाल ज्योतिर्मठ।