जिलाधिकारी के कालसी में जनसुनवाई कार्यक्रम से पूर्व नगर पालिका ने विकासनगर मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। टीम ने पहाड़ी गली के पास एक मिष्ठान भंडार समेत पांच-छह दुकानदारों पर सामान बाहर रखने पर चालान की कार्रवाई की। वहीं, एक दुकानदार पर सड़क पर कूड़ा फेंकने पर अर्थदंड लगाया। दो रेहड़ियों और सामान को जब्त कर लिया।
नगर पालिका ने डाकपत्थर चौक लेकर पहाड़ी गली तक अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने सड़क पर लगने वाली दो रेहड़ियों और सामान को जब्त कर लिया। वहीं, सड़क पर सामान रखने वाले पांच दुकानदारों पर कार्रवाई की। पहाड़ी गली स्थित एक मिष्ठान भंडार की दुकान के बाहर सड़क पर सामान रखने पर एक हजार रुपये के चालान की कार्रवाई की।
नगर पालिका ने दो दुकानों के बाहर रखे फ्लैक्स को भी उठा लिया। टीम ने डाकपत्थर चौक के पास सड़क पर कूड़ा फेंकने पर एक दुकानदार पर 500 रुपये का चालान किया। कर एवं राजस्व अधीक्षक मोहित पाठक ने बताया कि अतिक्रमण करने पर 3800 और कूड़ा फेंकने पर 500 रुपये के चालान की कार्रवाई की गई। बताया कि दुकानदारों को दोबारा सड़क पर अतिक्रमण करने कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। टीम में पवन, सुभाष, मनोज, सागर आदि शामिल रहे।