टौंस में दो डिप्टी रेंजर और तीन वन दरोगा और निलंबित, अब तक 17 नपे
उत्तरकाशी जिले के पुरोला टौंस वन प्रभाग में काटे गए हरे पेड़ों के मामले में दो डिप्टी रेंजर सहित तीन वन दरोगा को भी निलंबित किया गया है। इस संबंध में गढ़वाल परिक्षेत्र के मुख्य वन संरक्षक नरेश कुमार की ओर से निलंबन के आदेश जारी किए गए हैं। इस मामले में वन विकास निगम के आठ कर्मियों सहित अब तक कुल 17 अधिकारी-कर्मचारियों पर निलंबन की गाज गिर चुकी है।
टौंस वन प्रभाग में वन विकास निगम को जारी लॉट में 788 छपान वाले पेड़ो के सापेक्ष 108 अतिरिक्त देवरदार के हरे पेड़ काट दिए गए थे। शुक्रवार को इस मामले में वन मुख्यालय के स्तर से कार्रवाई की गई। चीफ गढ़वाल नरेश कुमार की ओर से जारी आदेश में में पुरोला की टौंस वन प्रभाग में तैनात डिप्टी रेंजर ज्ञानेंद्र जुवांठा, प्रीतम सिंह तोमर, वन दरोगा विजयपाल पंवार, लाखीराम आर्य और भरत सिंह तोमर को निलंबित करते हुए सर्किल से बाहर दूसरे वन प्रभागों में अटैच किया गया है। इस मामले में अब तक डीएफओ सुबोध काला, प्रभारी एसडीओ विजय सैनी, रेंजर रामकृष्ण कुकसाल, गोविंद सिंह चौहान और ज्ञानेंद्र मोहन जुंवाड़ा को निलंबत किया जा चुका है।
इसके अलावा वन विभाग निगम के आठ कर्मचारियों में तत्कालीन डीएलएम पुरोला रामकुमार, लॉट प्रभारी नरेंद्र रावत, वन उपज रक्षक मोहन सिंह, लॉट प्रभारी सत्येश्वर लोहनी, वन उपज रक्षक मुरकंडी प्रसाद, अनुभाग अधिकारी पदम दास, लाट प्रभारी अजीत कुमार और वन उपज रक्षक विजयपाल को निलंबित किया गया है।