- वीकेंड पर छावनी बाजार से टाइगर फॉल तक पर्यटकों की आवाजाही
- देवदार के जंगल और खूबसूरत वादियां बनीं आकर्षण का केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
चकराता। पहाड़ों में बढ़ती ठंड भी चकराता की खूबसूरती का दीदार करने से सैलानियों को नहीं रोक पा रही है। वीकेंड पर बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से छावनी बाजार सहित आसपास के पर्यटन स्थल गुलजार रहे। पर्यटकों की बढ़ती आमद ने होटल, होमस्टे और पर्यटन कारोबारियों के चेहरों पर रौनक लौटा दी है।
चकराता की खूबसूरत वादियां, घने देवदार के जंगल और सुकून भरा वातावरण सैलानियों को खूब भा रहा है। शनिवार और रविवार की छुट्टियां बिताने पहुंचे पर्यटकों ने प्राकृतिक नजारों का आनंद लिया। छावनी बाजार, चिलमिरी टॉप, टाइगर फॉल और देवबन में दिनभर पर्यटकों की आवाजाही बनी रही।
कई पर्यटक परिवार और दोस्तों के साथ पहाड़ों की खूबसूरती को कैमरे में कैद करते नजर आए। वहीं युवा प्राकृतिक नजारों के बीच फोटोग्राफी और वीडियो बनाने में व्यस्त रहे। सुबह और शाम तापमान में गिरावट के चलते सैलानी गर्म कपड़ों में नजर आए। पर्यटकों ने घूमने-फिरने के साथ स्थानीय खानपान और पहाड़ी संस्कृति का भी आनंद लिया।
होटल कारोबारियों को बेहतर कारोबार की उम्मीद
पर्यटकों की आमद बढ़ने से होटल, होमस्टे, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को भी बेहतर कारोबार की उम्मीद जगी है। स्थानीय व्यापारी अमित जोशी, युद्धवीर सिंह, वरुण सिंह, प्रताप चौहान और आशीष भट्ट का कहना है कि सर्दियों में पर्यटकों का पहुंचना पर्यटन कारोबार के लिए अच्छा संकेत है। उनका कहना है कि यदि वीकेंड पर इसी तरह पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है तो चकराता में शीतकालीन पर्यटन को नई पहचान मिल सकती है। इससे स्थानीय लोगों के रोजगार और कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।