देहरादून। एसटीएफ ने महाराष्ट्र के शिरडी से घोड़ासन गिरोह के एक लाख के इनामी को गिरफ्तार किया है। आरोपी चार साल पहले हरिद्वार के एक मोबाइल स्टोर में हुई चोरी के मामले में फरार चल रहा था। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
एसटीएफ के एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि 27 जनवरी 2018 को हरिद्वार के रानीपुर मोड़ स्थित एक मोबाइल स्टोर में चोरी हुई थी। चोरों ने यहां से करीब 40 लाख रुपये के मोबाइल पार कर दिए थे। इसके बाद से लगातार पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसमें बिहार के घोड़ासन के चादर गिरोह के कुछ सदस्यों का नाम सामने आए थे। गिरोह को राजूदास चलाता है। पिछले दिनों डीजीपी अशोक कुमार ने राजूदास पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। एसटीएफ ने राजूदास के बारे में पता करने के लिए अपने मुखबिरों को सक्रिय किया।
इस बीच पता चला कि वह अपने साथियों को लेकर शिरडी, महाराष्ट्र में चोरी करने जा रहा है। टीम को तत्काल शिरडी भेजा गया। यहां से राजूदास निवासी घोड़ासन, मोतिहारी, बिहार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने पूछताछ में बताया कि उन्होंने शिरडी में भी कई शोरूम में चोरी की योजना बनाई थी। उसके साथी वहां से भाग निकले। आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
--
नेपाल में बेचते हैं मोबाइल, नहीं होते ट्रेस
आरोपी ज्यादातर मोबाइल ही चुराते हैं। इन्हें नेपाल में बेच दिया जाता है। इन मोबाइल को ट्रेस करना बेहद मुश्किल होता है। आरोपियों ने शिरडी में भी मोबाइल स्टोर में चोरी की योजना बनाई थी। लेकिन, पुलिस ने उनकी योजना को नाकामयाब कर दिया। अन्य आरोपियों के बारे में महाराष्ट्र पुलिस को बता दिया गया है।
--
इसलिए कहलाता है चादर गिरोह
यह गिरोह बिहार के घोड़ासन क्षेत्र का है। इसके सदस्य चादर लेकर चलते हैं। जिस दुकान में चोरी की जाती है उसके बाहर चादर लगा दी जाती है।