देहरादून। अगले माह विकासखंडों में शिविर लगाकर लोगों की समस्याएं सुनकर उनका तत्काल निदान किया जाएगा। इसमें पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग आदि प्रमाणपत्रों के संबंध में प्राथमिकता से सुनवाई की जाएगी। पहला शिविर सात दिसंबर को कालसी ब्लॉक में आयोजित किया जाएगा।
जिलाधिकारी सी रविशंकर ने बताया कि लोगों की समस्याओं के निदान के लिए तहसील दिवस का आयोजन होता है। इसके अलावा अधिकारियों को अपने अपने कार्यालयों में प्राथमिकता से लोगों की बात सुनने के निर्देश दिए गए हैं। अब तक जिस गति से यह कार्य होना चाहिए था वह नहीं हो रहा है। लिहाजा, विकासखंड स्तर पर बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन कराने पर सहमति बनी है। इसके लिए सात दिसंबर को कालसी ब्लॉक के लिए लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस नागथा में सात दिसंबर को शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 11 दिसंबर को चकराता विकासखंड के लिए जिला पंचायत गेस्ट हाउस लाखामंडल में शिविर लगाया जाएगा। 24 दिसंबर को डोईवाला ब्लॉक के लिए ग्राम पंचायत भवन छिद्दरवाला में शिविर लगाकर अधिकारी लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। इन शिविरों में संबंधित उप जिलाधिकारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित वृद्धावस्था, दिव्यांग, विधवा पेंशन योजनाओं के आवेदनों पर मौके पर ही औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके साथ ही दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाणपत्र भी मौके पर ही बनाए जाएंगे।