केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि कुंभ से काफी पहले नवंबर 20 तक ही हरिद्वार बाइपास और फ्लाईओवर प्रोजेक्ट का काम पूरा हो जाएगा। सोमवार को अमर उजाला के साथ एक खास वेबिनार सेशन में गडकरी ने बताया कि हरिद्वार बाइपास और सड़क से जुड़े पुराने ठेकेदार से काम वापस ले लिया गया था।
अब नए ठेेकेदार के साथ अच्छी रफ््तार से काम हो रहा है। बताया कि पिथौरागढ़-मानसरोवर रूट पर पहाड़ की कटाई का काम पूरा हो चुका है और अगले माह में वहां भी सड़क बन जाने की आशा है। हरिद्वार महाकुंभ से पहले चारधाम ऑलवेदर रोड प्रोजेक्ट पूरा करने की केंद्र सरकार की क्या रणनीति है? इसके जवाब में गडकरी ने कहा कि चारधाम सड़क निर्माण बार बार कोर्ट से स्टे आने कारण टल रहा है।
हालांकि उनका मंत्रालय एक पेड़ के बदले दस पेड़ लगाने के लिए प्रतिबद्ध है पर फिर भी किसी न किसी पर्यावरणीय दुहाई के साथ एनजीओ और स्थानीय बाशिंदे कोर्ट का दरवाजा खटखटा देते हैं। कहा कि पर्यावरण रक्षा जरूरी है मगर विकास भी जरूरी है। कालांतर में कांग्रेस और भाजपा की राज्य सरकारों ने चारधाम प्रोजेक्ट में पूरा सहयोग दिया है। चारधार पर मैं 25 से ज्यादा मीटिंग अब तक कर चुका हूं। सीएम और चीफ सेके्रटरी से भी सात-आठ बार मीटिंग हो चुकी है।