गंगा रक्षा के लिए मातृसदन में आमरण अनशन कर रहे स्वामी ज्ञानस्वरूप सानंद उर्फ प्रोफेसर जीडी अग्रवाल को मनाने पहुंचे नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा परियोजना के डायरेक्टर जनरल राजीव रंजन और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की निजी सचिव सरिता का आग्रह भी स्वामी सानंद ने ठुकरा दिया। मांगे पूरी होने तक उन्होंने आमरण अनशन जारी रखने की चेतावनी दी है।
मालूूम हो कि विगत 22 जून से स्वामी सानंद गंगा की अविरलता बनाए रखने के साथ ही गंगा के लिए विशेष कानून बनाने की मांग को लेकर मातृसदन में आमरण अनशन कर रहे हैं। मंगलवार की शाम नई दिल्ली से नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा के डायरेक्टर जनरल राजीव रंजन और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की निजी सचिव सरिता एक ड्राफ्ट लेकर मातृसदन पहुंचे।