अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी जनगणना को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में प्रगणक और सुपरवाइजरों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है ताकि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को सटीकता के साथ पूरा किया जा सके।
हाल ही में नगर पंचायत झबरेड़ा के अटल उत्कर्ष कन्या इंटर कॉलेज में दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न हुआ, जिसका संचालन सौरव कुमार और सुनील कुमार पाल ने किया। इसके साथ ही बीरोंखाल, चौबट्टाखाल और नगर पालिका परिषद मंगलौर में भी प्रशिक्षण सत्र आयोजित कर प्रगति की समीक्षा की गई। वहीं, बीएचईएल में प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम चरण की सफल शुरुआत हुई। प्रशासन का मुख्य जोर इस बार स्व-गणना पर है। डिजिटल माध्यम से खुद की जानकारी दर्ज करने के प्रति जागरुकता बढ़ाने के लिए उप निदेशक आरके बनवारी ने आकाशवाणी, दूरदर्शन और पीआईबी के अधिकारियों से भेंट की। उन्होंने अधिकारियों और स्टाफ से अपील की कि वे आमजन को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें। राज्य सरकार और जनगणना विभाग का लक्ष्य प्रशासनिक समन्वय और प्रशिक्षण की गुणवत्ता के माध्यम से सटीक आंकड़े जुटाना है। नागरिकों से भी आग्रह किया गया है कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और आधुनिक स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।