आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच हाई वोल्टेज मैच का निर्णय एक बार फिर भारत के पक्ष में रहा। भारत की जीत के साथ ही शहर में जश्न का दौर शुरू हो गया।
विज्ञापन
कहीं लोगों ने पटाखे फोड़कर खुशी का इजहार किया तो कहीं ढोल की गूंज में डांस का सुरूर चला। विश्व कप के सबसे बड़े मुकाबले के दौरान सुबह से शाम तक लोगों का मूड बदलता रहा और आखिर जीत के बाद खुशी में बदलकर ही थमा।
दुकानों और घरों पर टीवी पर चिपके लोग
रविवार का दिन होने के कारण ऑफिस, दुकानें बंद थी। जिस कारण सुबह 9 बजे मैच की शुरुआत होते ही सभी लोग टीवी से चिपक से गए। कई घरों पर नाश्ता नहीं सीधे लंच ही हुआ, वहीं बाजार में भी दुकानें खुलते ही टीवी ऑन हो गए। जिसके बाद लोगों की भीड़ ने रंग जमाना शुरू कर दिया।
विज्ञापन
हर चौके-छक्के पर मचा हल्ला
मैच के शुरुआती ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों के धीमा खेलने पर लोग भड़कने से लगे, लेकिन जैसे की शिखर धवन ने पहला चौका लगाया, खुशी से लोग उछल पड़े। मगर रोहित शर्मा के आउट होते ही कोसने भी लगे। इसके बाद कोहली, शिखर धवन, सुरेश रैना के बल्लों से निकले हर चौके-छक्कों पर जश्न मचा।
विराट के शतक लगाते ही दर्शक खुशी से झूम उठे। आखिरी ओवरों में लगातार विकेट गिरने से दर्शक निराश भी दिखे। उनका कहना था कि धोनी-जडेजा ने सब बेकार कर दिया। रैना और कोहली होते तो स्कोर 350 पहुंच जाता।
विकेट गिरते ही जश्न की तैयारी शुरू पाकिस्तान की बल्लेबाजी शुरू होते ही एक बार फिर दर्शकों की भीड़ टीवी के आगे जुट गई। वकार युनूस के जल्दी आउट होते ही जश्न की तैयारी भी शुरू होने लगी। लेकिन इसके बाद लंबे समय तक विकेट नहीं गिरने और धोनी के एक रनआउट का मौका गंवाने पर लोग झल्लाते नजर आए। लेकिन अगले ओवर में विकेट गिरते ही सब पिछली बातें भूल गए।
उमेश यादव के लगातार दो विकेट लेने के बाद पटाखे जुटने शुरू हो गए थे और जैसे ही आखिरी विकेट गिरा आतिशबाजी शुरू हो गई।
भारत की जीत के साथ ही घंटाघर पर प्रशंसकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। दूर-दूर से लोग घंटाघर पहुंचकर जश्न में शामिल होने लगे। इंडिया-इंडिया, भारत माता की जय, आदि नारों से माहौल गूंजने लगा।
इस दौरान घंटाघर पर जमकर आतिशबाजी भी हुई और जश्न के कारण जाम भी लग गया। पुलिस ने बमुश्किल भीड़ को संभाला।
वहीं दूसरी ओर सहारनपुर चौक, राजपुर, जाखन, धर्मपुर, नेहरू कॉलानी, इंदिरा मार्केट, पवेलियन मैदान, चुक्खू मोहल्ला, खुड़बुड़ा, पटेलनगर, क्लेमेंटटाउन, सुभाषनगर, कारगी, बंजारावाला, बसंत विहार, जीएमएस रोड, आईएसबीटी, माजरा आदि जगहों पर जमकर आतिशबाजी हुई।