- विद्यालयों में धूमधाम से मनाई गई लोहड़ी व मकर संक्रांति
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर/हरबर्टपुर/सेलाकुई। शहर के स्कूलों में लोहड़ी व मकर संक्रांति धूमधाम से मनाई गई। छात्र-छात्राओं ने गीतों पर नृत्य कर व पतंग उड़ाकर पर्व की खुशियां मनाईं। इसके अलावा कविता पाठ और नाटक की प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
द सेपियंस स्कूल में लोहड़ी व मकर संक्रांति पर विशेष प्रार्थनासभा व सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। विद्यालय परिसर को रंगोली, पतंग व फूलों की सजावट से आकर्षक रूप दिया गया था। प्रधानाचार्य नवीन तनेजा व निदेशक रश्मि गोयल ने पवित्र अग्नि को मूंगफली, तिल, गुड़ व रेवड़ी की आहुति देकर प्रार्थना की। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अग्नि की परिक्रमा कर पारंपरिक गीत गाए और तिल-गुड़ वितरित कर पर्व की खुशियों को साझा किया। छात्राओं ने सुंदर मुंदरिये गीत, लोहड़ी नृत्य व पंजाबी लोकनृत्य गिद्दा की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस दौरान हरबर्टपुर विद्यालय की प्रधानाचार्य गीता नेगी, सुमालती उनियाल, नंदी बिष्ट, अश्विनी कुमार, भावना गर्ग, नेहा सिंह, मानसी, सोनम, आरती, रवि कुकरेती, रोशन, विभु गोयल, विद्या जोशी, अदिति आदि मौजूद रहे। वहीं, विकासनगर स्थित द एनफील्ड स्कूल में लोहड़ी एवं मकर संक्रांति का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शिक्षकों ने धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने लोकगीत, नृत्य एवं कविताओं के माध्यम से पर्वों की परंपराओं को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। प्रधानाचार्य ओपी चुग ने कहा कि त्योहार प्रकृति के प्रति सम्मान, एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने और अपनाने के लिए प्रेरित किया। सेलाकुई स्थित शिवालिक एकेडमी में एलकेजी से पांच तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पर्व मनाया। पंजाबी नृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी। इसके अलावा कविता पाठ, नाट्य प्रस्तुति देकर पर्वों के महत्व को समझाया। शिक्षिकाओं ने भी सामूहिक नृत्य में भाग लिया। इस दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य रजनी त्यागी, रुक्मणी, मीनाक्षी वर्मा, प्रकाश, प्रतिभा, शालिनी, शम्मी, स्वाति आदि उपस्थित रहे।