दिवाली पर आतिशबाजी से होने वाला अत्यधिक शोर और धुआं आपके स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए त्योहार मनाते समय कुछ सावधानियां बरतकर आप त्योहार का पूरा मजा उठा सकते हैं। वहीं त्योहार में आग से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंकाओं को देखते हुए अस्पतालों में अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
दीपावली के दौरान आतिशबाजी से होने वाला शोर और धुआं सेहत को कई तरह से नुकसान पहुंचाता है। विशेषकर सांस और हृदय रोग से पीड़ित लोगों के लिए यह खतरनाक है। साथ ही एलर्जी, आंखों और आग से जलने जैसे खतरे भी बने रहते हैं। ऐसे में आवश्यक है कि दीपावली सावधानी से मनाई जाए।
आतिशबाजी से निकलने वाले जहरीले धुएं में कार्बन, कार्बन मोनो ऑक्साइड, सल्फर डाई आक्साइड, नाइट्रस आक्साइड और पर्टिकुलेट मैटर 10 व 2.5 (पीएम) के कण बढ़ जाते हैं। यह सांस के जरिये फेफड़े तक पहुंचता है, जिससे सांस लेने में परेशानी, दम घुटना, बेचैनी, मितली आना जैसे लक्षण हो सकते हैं।
अटैक का होता है खतरा
वहीं अस्थमा ब्रोंकाइटिस समेत अन्य सांस की बीमारियों से पीड़ित लोगों को अटैक पड़ने का खतरा भी बढ़ जाता है। विशेषकर बच्चों व बुजुर्गों को इससे ज्यादा नुकसान होता है। ज्यादा प्रदूषण से हृदय की धमनियों में ब्लॉकेज की आशंका भी बढ़ जाती है। इसके चलते हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है।
वहीं पटाखों से निकलने वाला शोर भी सेहत के लिए घातक होता है। तेज ध्वनि कानों के साथ ही हृदय के लिए भी नुकसानदायक होती है। तेज रोशनी और धुएं से आंखों में एलर्जी और जलन समेत अन्य दिक्कतें हो सकती हैं।
अलर्ट पर रहेगी 108
दीपावली में बीमारी और आग से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए 108 सेवा ने भी अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। 108 सेवा के स्टेट हेड मनीष टिंकू ने बताया कि देहरादून, हरिद्वार, रुद्रपुर और हल्द्वानी शहर में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। वहीं राजधानी में सर्वे चौक, जाखन, राजपुर रोड, प्रेमनगर चौक, सूरी चौक, रेसकोर्स, रिंग रोड, लाडपुर, रिस्पना पुल और आईएसबीटी में 108 एंबुलेंस तैनात रहेगी।
इनका है कहना
दीपावली पर इमरजेंसी में अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की जा रही है। इस दौरान इमरजेंसी और बर्न वार्ड को अलर्ट पर रखा गया है। कोरोनेशन अस्पताल में बर्न वार्ड में सभी तरह की आवश्यक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था बनाने को कहा गया है।
- डॉ. वाईएस थपलियाल, प्रभारी सीएमओ