सीसीटीवी ने जिला अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में प्रशिक्षु महिला डाक्टर और वरिष्ठ डाक्टर एके पालीवाल के बीच हुए विवाद का सच सामने ला दिया है। पहले महिला प्रशिक्षु डाक्टर ने सीनियर डाक्टर को धक्का दिया था, फिर सीनियर डाक्टर ने प्रशिक्षु को थप्पड़ जड़ दिया था।
तब प्रशिक्षु ने सीनियर डाक्टर को कई चप्पलें जड़ दी थी। सीसीटीवी से हकीकत सामने आने पर सीएमएस आरती ढौंडियाल ने प्रशिक्षु डाक्टर सहित, डा. एके पालीवाल, डा. केके करौली और फार्मासिस्ट गीता से स्पष्टीकरण मांगा है। प्रशिक्षु डाक्टर सोमवार को अस्पताल नहीं आई।
दिन भर इस मामले को लेकर गहमागहमी का माहौल रहा। रविवार को इमरजेंसी में तैनात रही महिला फार्मासिस्ट गीता का इंटर्नशिप कर रही महिला प्रशिक्षु डाक्टर से विवाद हो गया था। फार्मासिस्ट का आरोप था कि रात्रि आठ बजे ड्यूटी खत्म होने से पहले ही प्रशिक्षु डाक्टर जा रही थी। इसी बीच पहुंचे सीनियर डाक्टर एके पालीवाल से भी प्रशिक्षु की तू तू मैं मैं हो गई थी।
आरोप था कि प्रशिक्षु डाक्टर ने सीनियर डाक्टर को थप्पड़ जड़ दिया था। सोमवार सुबह जब इमरजेंसी कक्ष में लगे सीसीटीवी की फुटैज को खंगाली गई तो हकीकत सामने आ गई। दरअसल, इमरजेंसी कक्ष के गेट पर प्रशिक्षु डाक्टर और डा. पालीवाल के बीच नोकझोंक हो रही थी और फिर प्रशिक्षु ने सीनियर डाक्टर को धक्का दिया।