बरसात शुरू होते ही डेंगू के प्रकोप पर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने स्कूलों को अलर्ट जारी कर दिया है। बोर्ड ने न केवल शिक्षक और छात्र बल्कि अभिभावकों को भी जागरूक करने के निर्देश दिए हैं।
सीबीएसई देहरादून के क्षेत्रीय अधिकारी रणबीर सिंह की ओर से जारी अलर्ट के मुताबिक, सभी स्कूलों को निर्र्देशित किया गया है कि वह अपने आसपास कहीं भी पानी एकत्र न होने दें। छात्र और शिक्षकों को रोजाना एसेंबली के दौरान डेंगू के प्रति सजग किया जाए।
साथ ही पीटीएम के माध्यम से अभिभावकों को डेंगू से बचाव के तरीके बताए जाएं। अभिभावकों से डेंगू से बचाव के लिए स्कूलों के स्तर से एसएमएस भी भेजे जाएं। स्कूल प्रिंसिपल, शिक्षक और छात्र जिला, ब्लॉक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाएं। सभी छात्रों को जुलाई से नवंबर तक पूरी आस्तीन वाले कपड़े पहनकर आने को कहा जाए। छात्र बचाव के लिए क्रीम आदि का इस्तेमाल करें।
अफवाह न फैलाएं, डेंगू को समझें और समझाएं
सीबीएसई देहरादून ने सभी स्कूलों से आह्वान किया है कि वह अफवाह न फैलाएं। अगर कोई छात्र या शिक्षक डेंगू की जद में आ जाता है तो उसे समझें। यह एक छात्र से दूसरे छात्र में फैलने वाली बीमारी नहीं है। मामला सामने आने पर अतिरिक्त सतर्कता जरूर बरतें। स्वास्थ्य विभाग और क्षेत्रीय पालिका या निगम की मदद लेकर फॉगिंग आदि जरूर कराएं।