केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दस लाख की रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार डीजी सेंट्रल एक्साइज इंटेलीजेंस के चारों अधिकारियों के घरों की तलाशी ली।
इस दौरान जांच एजेंसी को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। सीबीआई का कहना है कि इससे बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है। सूत्रों का कहना है कि आरोपियों ने विभिन्न स्थानों पर करोड़ों की संपत्ति बनाई है। सीबीआई ने आरोपियों की आवाज के नमूने भी लिए। इन्हें जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा।
सीबीआई ने डीजी सेंट्रल एक्साइज इंटेलीजेंस के असिस्टेंट डायरेक्टर एके मिश्रा की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार देर रात तीन अन्य अधिकारियों सीनियर इंटेलीजेंस आफिसर सतेंद्र सिंह, विवेक कुमार पांडे और अवनीश कुमार गुप्ता को को गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने इन्हें पूछताछ के लिए पांच दिन की रिमांड पर लिया है।
रविवार को सीबीआई ने आरोपियों के घर की तलाशी ली। इस दौरान सीबीआई के हाथ कुछ महत्वपूर्ण फाइलें लगी हैं। सीबीआई अधिकारियों का कहना है कि इससे बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है। सीबीआई के हाथ दो लॉकरों की चाबी और कुछ अन्य दस्तावेज भी लगे हैं।
सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक जांच में आरोपियों की संपत्ति का भी ब्यौरा निकाला जा रहा है। कुछ अधिकारियों के नाम दून में विभिन्न स्थानों पर करोड़ों रुपये की संपत्ति है।