हाल ही में हरिद्वार में एक कांवड़िए विकास की आईटीबीपी के जवान की गोली लगने से हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ रहा है। विकास हत्याकांड की जांच सीबीसीआईडी से कराने के लिए एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने पुलिस मुख्यालय से सिफारिश की है।
एसएसपी का तर्क है कि आईटीबीपी के दो जवानों पर हत्या का आरोप है इसलिए निष्पक्ष जांच एजेंसी से जांच कराना बेहतर होगा। मालूम हो कि 15 जुलाई को उत्तरी हरिद्वार के सर्वानंद गंगा घाट के पास आईटीबीपी के जवान की इंसास (रायफल) से चली गोली से विकास (24) पुत्र कृष बेनिवाल निवासी गांव माजरा डी थाना बेरी जिला झज्जर हरियाणा की मौत हो गई थी।
तब आरोप लगाया कि उसने जवान से रायफल छिनने की कोशिश की थी। बाद में परिजनों ने आईटीबीपी के जवानों पर हत्या करने का आरोप लगाया था।
रविवार को हरिद्वार शहर कोतवाली में विकास के पिता कृष्ण कुमार ने आईटीबीपी के दो जवानों संतोष चटर्जी और मितेश राणा के खिलाफ बेटे की हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया था।
आरोप था कि कांवड़ लेने आए उनके बेटे की आईटीबीपी के जवानों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने बताया कि सीबीसीआईडी निष्पक्ष जांच एजेंसी है।
इसलिए उसी से ही जांच के लिए एक पत्र पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। आईटीबीपी के जवान की ओर से दर्ज कराए मुकदमे की जांच भी सीबीसीआईडी को ही दे दी जाएगी।