सीएयू के नए चीफ ऑपरेशन ऑफिसर अमन सिंह
- फोटो : अमर उजाला
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उतराखंड (सीएयू) के नए चीफ ऑपरेशन ऑफिसर अमन सिंह स्थानीय क्रिकेट में सुधार को प्राथमिकता मानते हैं। आईपीएल के छह सीजन का लंबा अनुभव ले चुके अमन सिंह प्रदेश के सभी जिलों में खेल सुविधाओं विकसित करना चाहते हैं, ताकि हर जिले के खिलाड़ी को समान अवसर मिल सके।
चार्ज संभालने के बाद फोन पर अमर उजाला से हुई बातचीत में अमन सिंह ने कहा कि गृह राज्य के क्रिकेट व खिलाड़ियों की बेहतरी के लिए काम करने का अवसर मिलने पर वे बेहद उत्साहित हैं। कहा कि कोविड-19 के चलते खेल गतिविधियां शुरू करने में समय लग रहा है। जिला प्रशासन की अनुमति मिलते ही कंडीशनिंग कैंप शुरू किए जाएंगे। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से गतिविधियां शुरू होंगी।
उन्होंने कहा कि उनका फोकस पहाड़ी जनपदों में भी मैदान, एकेडमी व अन्य सुविधाएं मुहैया कराने पर रहेगा। सीएयू के पदाधिकारियों की प्लानिंग को प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा। अमन सिंह विद्या विहार (कारगी रोड) के रहने वाले हैं। बेटे की उपलब्धि पर पिता संजय सिंह ने खुशी जाहिर की है।
अमन सिंह के करियर पर नजर
- आईपीएल के छह सीजन में असिस्टेंट टूर्नामेंट ऑपरेशन मैनेजर
- उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन व एकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में इंडिया-वेस्ट इंडीज मैच में वैन्यू डायरेक्टर
- इंडियन सुपर लीग में वैन्यू ऑपरेशंस मैनेजर।