ऋषिकेश आईडीपीएल क्षेत्र स्थित एक होटल में अवैध कैसीनो और शराब पार्टी का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक पार्षद, दस महिला सहित 40 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी महिलाएं बाहर से बुलाई गई थी। होटल स्वामी फरार है। होटल को सीज कर दिया गया है। एसएसपी देहरादून ने चौकी प्रभारी सहित चौकी के सभी 12 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी आईडीपीएल क्षेत्र में स्थित होटल नवरंग में कैसीनो संचालित हो रहा है। यहां बाहर से जुआ खेलने बड़ी संख्या में लोग आए हुए हैं। दिल्ली से बार डांसर बुलाए जाने की सूचना थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शुक्रवार देर रात होटल नवरंग में छापा मारा।
यहां जुआ खेलने के लिए टेबलें सजाई गई थी। शराब पार्टी भी चल रही थी। कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 40 लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें 10 युवतियां भी शामिल हैं। इन युवतियों को दिल्ली से बुलाया गया था। उनसे होटल में बार डांसर के रूप में प्रदर्शन कराने के साथ-साथ मेहमानों को खाना और शराब परोसने का काम कराया जा रहा था। पुलिस को भारी मात्रा में महंगी शराब, जुए से संबंधित सामग्री और करीब 1,37,600 रुपये नकद बरामद किए। होटल स्वामी फरार है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस चौकी से मात्र 200 मीटर की दूरी पर चल रहा था खेल
कानून व्यवस्था का ढोल पीटने वाली पुलिस की हकीकत एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। आईडीपीएल चौकी से मात्र 200 मीटर की दूरी पर हरिद्वार रोड स्थित नवरंग होटल में बड़े स्तर पर जुए का खेल धड़ल्ले से चलता रहा और जिम्मेदार चौकी पुलिस को भनक तक नहीं लगी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में संचालित हो रहे अवैधानिक कार्य पुलिस की शह पर ही संचालित हो रहे हैं। इस गंभीर लापरवाही पर एसएसपी देहरादून आईडीपीएल चौकी प्रभारी विनय शर्मा सहित चौकी के सभी 12 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों को विभागीय जांच से गुजरना होगा।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि अधिकांश होटलों में शराब पिलाई जाती है। नवरंग होटल में महंगी शराब की बरामदगी से यह स्पष्ट भी हो गया है। आबकारी विभाग बड़े होटलों पर कार्रवाई करने से बचता है। औपचारिकता निभाने के लिए छोटी-मोटी कार्रवाई की जाती है। आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट से कोशिश के बावजूद बात नहीं हो सकी।