कोतवाली क्षेत्र के दिनकर विहार स्थित यूपीपीसीएल के पूर्व तकनीकी सहायक के बंद घर से चोर नकदी और आभूषण चोरी कर ले गए। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमराें की फुटेज से चोरों की पहचान की जा रही है।
दिनकर विहार मेंं बीरेंद्र सिंह गुसाईं का मकान है। वह अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। 23 सितंबर को वह अस्पताल में भर्ती अपनी बीमार बेटी को देखने के लिए गुरुग्राम गए थे। उनके मकान की पहली मंजिल पर एक शिक्षक किराये पर रहते हैं। शनिवार को वह देहरादून चले गए। सोमवार को सुबह वापस लौटे थे तो देखा कि मकान मालिक के कमरों के ताले टूटे हुए हैं। अंदर सारा सामान बिखरा हुआ है। शिक्षक ने इसकी सूचना मकान मालिक को दी। मकान मालिक ने संपर्क करने पर बताया कि उनकी अधिकतर नकदी और आभूषण बैंक के लॉकर में रखे हैं। अब वह मंगलवार को जब घर वापस लौटेंंगे तो चोरी हुए सामान की सही जानकारी मिल पाएगी। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।