फर्जी पॉवर ऑफ अटार्नी से मसूरी के क्यारखुली स्थित भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की जमीन बेचकर 32 लाख रुपये हड़पने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। आईजी (एसआईटी) संजय गुंज्याल के निर्देश पर चार लोगों के खिलाफ थाना मसूरी में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में एक अधिवक्ता भी है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने धरपकड़ शुरू कर दी है। बता दें कि अमर उजाला ने आईटीबीपी अकादमी की भूमि के राजस्व रिकार्ड में फेरबदल कर अवैध तरीके से जमीन बेचने के मामले का खुलासा किया था।
जमीन मामले में प्रवेश कुमार बक्शी निवासी तरुण एन्क्लेव दिल्ली ने आईजी संजय गुंज्याल से शिकायत की थी। बक्शी का आरोप है कि एक अधिवक्ता ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी पावर ऑफ अटार्नी तैयार करके उनसे क्यारकुली में कई बीघा जमीन का सौदा किया।
प्रवेश कुमार ने 25 अगस्त 2015 को अधिवक्ता और उसके साथियों को 32 लाख रुपये अदा कर दिए। इसके बावजूद भी जमीन की रजिस्ट्री उसके नाम पर नहीं की। कई बार कहने के बावजूद जब आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं की तो उन्हें शक हुआ। जांच पड़ताल करने के बाद पता चला कि वह जमीन आईटीबीपी की है।