देहरादून। भूमि बेचने के नाम पर 41 लाख रुपये ठगने के आरोप में बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। एसआईटी जांच में आरोप की पुष्टि के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
रुड़की के राजेंद्र नगर निवासी जगन्नाथ प्रसाद कुकसाल ने आईजी और एसआईटी प्रभारी अजय रौतेला को बताया था कि 18 अप्रैल को अमन गहलौत ने आरटीजीएस के माध्यम से पांच लाख रुपये लेकर बसंत विहार क्षेत्र की 555 वर्ग जमीन का अनुबंध किया था। इसी आधार पर गहलौत ने उन्हें रजिस्टर्ड पॉवर ऑफ अटार्नी दी। पॉवर ऑफ अटार्नी मिलने पर यह जमीन अनिल निवासी रामनगर रुड़की को बेची गई। इसके बदले अमन ने 20 लाख रुपये कैश में प्राप्त किए। इसके अलावा आठ लाख रुपये फर्म के खाते में एनईएफटी कराए गए, जबकि आठ लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से प्राप्त किए। बाद में आरोपी अमन गहलौत ने पॉवर अटार्नी निरस्त करा दी। इसके अलावा दाखिल खारिज निरस्त कराकर जमीन अपने हक में करा ली। आईजी के आदेश पर हुई एसआईटी की जांच में तमाम आरोप सही पाए गए। एसआईटी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अमन गहलौत के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।