फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dehradun News: कॉल सेंटर में रंगदारी मांगने पहुंचे पोर्टल संचालकों पर मुकदमा

विज्ञापन
विज्ञापन
कॉल सेंटर में रंगदारी मांगने पहुंचे सात न्यूज पोर्टल संचालकों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। कॉल सेंटर अभी तैयार ही हो रहा था कि इसे फर्जी बताकर इन्होंने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। सौदा पांच लाख रुपये में तय हो गया। कॉल सेंटर का कर्मचारी वहां से पैसे लेने की बात कहकर बाहर निकला और पुलिस के पास पहुंच गया।
विज्ञापन




मामला पटेलनगर थाना क्षेत्र के मेहूंवाला का है। यहां कुछ युवक कॉल सेंटर स्थापित करने जा रहे थे। इसी बीच वहां पांच युवक और दो युवतियां पहुंचीं। उन्होंने वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। खुद को पत्रकार बताते हुए खबर प्रसारित करने की बात कहने लगे। खबर रोकने के लिए उन्होंने वहां मौजूद लोगों से 50 लाख रुपये मांगे। कथित पत्रकारों ने उनका कंप्यूटर आदि सामान एक तरफ कोने में रखवा दिया। कर्मचारी उनके सामने हाथ जोड़ने लगे तो बात पांच लाख रुपये तक आ गई और सौदा तय हो गया।



इस बीच यश शर्मा नाम का युवक वहां से यह कहकर निकला कि पैसे लेने जा रहा है। लेकिन, वह सीधे आईएसबीटी चौकी पहुंच गया और पुलिस से शिकायत कर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सातों युवक-युवतियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में बताया कि वे सब न्यूज पोर्टल चलाते हैं। इंस्पेक्टर सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि सबके खिलाफ रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
विज्ञापन



इनके खिलाफ मुकदमा
-अमन कुमार (न्यूज बदलाव)

- सलमान (न्यूज ट्रू मीडिया)

-रंजीत सिंह (न्यूज बदलाव)

-परवेज अंसारी (राइजिंग पोस्ट)

-सोनिया बालियान (राइजिंग पोस्ट)

-बॉबी (इंडिया न्यूज चैनल)

-रोहिना (खबर 24)


कॉल सेंटर की जांच एसओजी को

मामला फर्जी कॉल सेंटर का था। संचालक रुपये देने को भी तैयार हो गए थे। ऐसे में यह बात तो पुख्ता है कि कॉल सेंटर किसी गलत काम के लिए खोला जा रहा था। ऐसे में एसओजी को कॉल सेंटर की जांच का जिम्मा दिया गया है। आरोपियों के मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें