मध्यप्रदेश से ऋषिकेश-मसूरी घूमने आए पर्यटकों की टैक्सी टिहरी बाईपास मार्ग पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में टैक्सी चालक और एक महिला पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को कम्यूनिटी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद में देहरादून रेफर किया गया है। जिस जगह हादसा हुआ वहां सड़क काफी चौड़ी है। माना जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
मध्यप्रदेश के खजाना (इंदौर) निवासी स्नेहलता (70) पत्नी आरके गुप्ता परिजनों के साथ अपनी रिश्तेदार लक्ष्मीबाला के पास ऋषिकेश आई हुए थीं। गुरुवार को ऋषिकेश से टैक्सी बुक कराकर ये लोग धनोल्टी घूमने आए। दोपहर करीब दो बजे लौटते समय मसूरी-टिहरी बाईपास पर सिविल अस्पताल के नीचे टैक्सी करीब सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी।
टैक्सी में चालक समेत पांच लोग सवार थे। हादसे में टैक्सी चालक जयकृत सिंह कंडारी (61) पुत्र मातबर सिंह कंडारी निवासी ग्राम मोलधार, पट्टी लोस्तु टिहरी गढ़वाल और स्नेहलता की मौके पर ही मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल अर्चना पत्नी शरद कुमार, अमित पुत्र शरद कुमार और लक्ष्मीबाला पत्नी रमेश कुमार निवासी खजाना इंदौर मध्यप्रदेश को कम्यूनिटी अस्पताल से देहरादून के लिए रेफर कर दिया गया है।
संस्कृत महाविद्यालय मसूरी और टैक्सी एसोसिएशन के चालक घायलों को सड़क तक लाए। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को सड़क तक लाया जा सका। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।