शहर के प्रीतम रोड पर खड़ी एक कार में मंगलवार को आग लग गई। समय रहते पास में खड़ी कई कारों को हटा लिया गया, अन्यथा बड़ा अग्निकांड हो सकता था। कार में आग लगी थी या फिर लगाई गई, पुलिस इसकी जांच कर रही है। फायरकर्मी जब तक मौके पर आए तो तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
क्लेमेंटटाउन निवासी गौरव मंगलवार सुबह एक चिकित्सक के यहां आए थे। चिकित्सक ने उन्हें शाम को दोबारा आने को कहा था। गौरव दोपहर को अपने दोस्त के प्रीतम रोड स्थित आवास पर पहुंच गए। बाहर खड़ी उनकी कार में अचानक आग लग गई।
धुआं निकलता देख प्रत्यक्षदर्शियों ने शोर मचाया तो गौरव व अन्य लोग बाहर आ गए। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। कार के आगे-पीछे कई वाहन खड़े थे। आननफानन में इन वाहनों को वहां से हटाया गया।
सूचना पर फायरकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझा दिया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। इंस्पेक्टर डालनवाला राजीव रौथाण ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का अवलोकन कर यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि कार में आग शार्ट सर्किट से लगी है या फिर किसी ने लगाई थी। जांच में आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।