प्लास्टिक दाने से भरा कंटेनर आई-20 कार के ऊपर पलट गया था। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह साल के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दुर्घटना के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया। कंटेनर को हटाने और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए सड़क पर काफी जगह घेरनी पड़ी।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
मोहब्बेवाला चौक पर बुधवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे ने दून-दिल्ली हाईवे की रफ्तार थाम दी। प्लास्टिक दाने से भरे कंटेनर के कार पर पलटने और राहत-बचाव कार्य के चलते हाईवे पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। दिल्ली से देहरादून आने वाली लेन करीब 125 मिनट तक पूरी तरह जाम रही। वहीं, देहरादून से दिल्ली जाने वाले मार्ग पर भी शिमला बाईपास चौक से मोहब्बेवाला तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में फंसे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मोहब्बेवाला चौक पर प्लास्टिक दाने से भरा कंटेनर आई-20 कार के ऊपर पलट गया था। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह साल के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दुर्घटना के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया। कंटेनर को हटाने और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए सड़क पर काफी जगह घेरनी पड़ी। इसके चलते दिल्ली से देहरादून आने वाली लेन पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोकनी पड़ी।
हादसे के कारण मेरठ, सहारनपुर और दिल्ली की तरफ से देहरादून आ रही बसें भी जाम में फंस गईं। एक घंटे से अधिक समय तक बसों में इंतजार करने के बाद कई यात्री नीचे उतर आए। इसके बाद वे सामान लेकर पैदल ही अपने गंतव्य की ओर निकल पड़े। हालांकि, पैदल निकलने वाले यात्रियों के सामने भी मुश्किल कम नहीं थी। हादसा देखने के लिए जुटी तमाशबीनों की भीड़ ने कई जगह रास्ता रोक रखा था। इससे पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी निकलने में दिक्कत हुई।
दूसरी ओर, देहरादून से दिल्ली जाने वाले वाहनों की कतार शिमला बाईपास चौक तक पहुंच गई। इस मार्ग पर भी वाहन रेंगते रहे। जाम के चलते नौकरीपेशा लोगों, बस यात्रियों और अन्य राहगीरों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देर हुई। हादसे के बाद राहत-बचाव कार्य के साथ यातायात व्यवस्था संभालना पुलिस के लिए भी चुनौती बना रहा। एक दुर्घटना के कारण हाईवे के दोनों ओर यातायात व्यवस्था चरमरा गई और हजारों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। प्रभारी एसपी ट्रैफिक जया बलोनी ने बताया कि हादसे के कारण कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ था लेकिन पुलिस ने तत्परता से राहत बचाव अभियान पूरा कर यातायात बहाल कर दिया।