विश्व रेडियो दिवस पर विशेष...
मनोरंजन के विभन्न साधनों के बीच रेडियो आज भी लोगों के दिल पर राज करता है। आज विश्व रेडियो दिवस पर हम आपको बता रहे हैं ऐसे बुलंद हौसला रखने वाले बच्चों की कहानी, जो देख नहीं सकते, लेकिन अपनी मधुर आवाज से लोगों दिल जीत रहे हैं।
ये बच्चे राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान (एनआईईपीवीडी) के हैं। कभी हार न मानने की जिद और बुलंद हौसलों के साथ यह बच्चे सामुदायिक रेडियो पर अपनी प्रतिभा का हुनर दिखा रहे हैं। साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहे हैं। पिछले आठ साल से एनआईईपीवीडी में एनआईवीएच हैलो दून, एफएम बैंड 91.2 मेगाहर्टस आवृति पर सामुदायिक रेडियो का संचालन किया जा रहा है। कोरोना के मुश्किल समय में संस्थान के बच्चों ने कार्यक्रम का संचालन कर लोगों को वायरस से सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। यही कारण है कि इस सामुदायिक रेडियो की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है।
रेडियो पर बिंदु-बिंदु करे उजाला... कार्यक्रम के माध्यम से एनआईईपीवीडी के बच्चों ने ब्रेल लिपि से संबंधित भ्रांतियों को तोड़ने का काम किया। अनूप, सुकृति, रॉफ, बालकृष्ण और केवल कृष्ण अपने कार्यक्रम से लोगों को जागरूक कर रहे हैं। रेडियो में कार्यक्रम के सफल संचालन में चेतना गोला, हेमा, मुकुल सजवाण, प्रोमिला नैनवाल, वीना सिंह विशेष सहयोग कर रहे हैं।
---
आज दिन भर होंगे विशेष कार्यक्रम
विश्व रेडियो दिवस पर शनिवार को एनआईईपीवीडी के सामुदायिक रेडियो पर दिनभर विशेष कार्यक्रम किए जाएंगे। संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी योगेश अग्रवाल ने बताया कि विभिन्न कार्यक्रमों के तहत रेडियो का इतिहास, महत्व आदि के बारे में बताया जाएगा। इसके लिए बच्चों और रेडियो टीम की ओर से खास तैयारी की गई है।