उत्तराखंड के पॉलिटेक्निक संस्थानों में सरकारी और निजी कोटे की सीटों पर दाखिले के लिए काउंसिलिंग बृहस्पतिवार से शुरू होने जा रही है। ऑनलाइन काउंसिलिंग में छात्र घर बैठकर अपनी च्वाइस भर सकते हैं।
पॉलिटेक्निक की काउंसिलिंग प्रदेश की 17220 इंजीनियरिंग सीटों के अलावा फार्मेसी, होटल मैनेजमेंट डिप्लोमा सहित कई और कोर्सेज की सीटों के लिए आयोजित की जाएगी। छात्र अपने जीप स्कोर कार्ड के आधार पर काउंसिलिंग में हिस्सा ले सकते हैं। काउंसिलिंग में शामिल होने के लिए छात्र को अलग से कोई भी शुल्क नहीं देना होगा।
उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा परिषद के मुताबिक प्रथम चरण के लिए 14 जुलाई से 17 जुलाई के बीच पंजीकरण और च्वाइस भर सकते हैं। इसके बाद 20 जुलाई को परिषद की ओर से सीट आवंटन किया जाएगा। आवंटित सीट पर छात्र 21 जुलाई से 26 जुलाई तक दाखिला ले सकता है।
इसके बाद बची हुई सीटों के लिए दूसरे चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी। दूसरे चरण में पंजीकरण और च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया 29 जुलाई से 31 जुलाई के बीच होगी। इसके बाद 3 अगस्त को सीट आवंटन होगा।
आवंटित सीटों पर छात्र 4 अगस्त से 10 अगस्त के बीच एडमिशन ले सकेंगे। ओपन बोर्ड से 12वीं पास छात्र भी फार्मेसी के कोर्स में दाखिले के योग्य माने जाएंगे।
रिलिविंग सर्टिफिकेट के बाद मिलेगा दूसरा संस्थान
पहले चरण की काउंसिलिंग में सीट हासिल करने वाले अभ्यर्थी अगर दूसरे चरण में शामिल होकर सीट पाते हैं, तो उनकी पुरानी सीट रिक्त मान ली जाएगी। खास बात यह है कि ऐसे अभ्यर्थियों को अपने पहले संस्थान से रिलिविंग सर्टिफिकेट लेने के बाद ही दूसरे चरण की सीट पर दाखिले का मौका मिलेगा।
यहां भरें ऑनलाइन च्वाइस : www.ukcounseling.nic.in