डीबीएस पीजी कॉलेज में बृहस्पतिवार से शुरू होने जा रही एडमिशन प्रक्रिया फिलहाल खटाई में पड़ गई है। कॉलेज में बुधवार को छात्र संगठनों ने तालाबंदी कर दी। छात्रों ने चेतावनी दी है कि उनकी मांगें नहीं मानी गई तो तालाबंदी जारी रहेगी। कॉलेज प्रशासन ने फिलहाल बृहस्पतिवार को दाखिले न करने का फैसला लिया है।
डीबीएस कॉलेज में छात्र संघ अध्यक्ष पंकज नेगी के नेतृत्व में छात्र आंदोलन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि कॉलेज में सीटें बढ़ाई जाएं, एससी, एसटी व ओबीसी की छात्रवृत्ति जल्द से जल्द जारी कराई जाए। मांगों को लेकर बुधवार को छात्रों ने कॉलेज में तालाबंदी कर दी। साथ ही बृहस्पतिवार से शुरू होने जा रही एडमिशन प्रक्रिया को भी रोकने की चेतावनी दी है।
कॉलेज प्रशासन ने एहतियात के तौर पर फिलहाल एडमिशन प्रक्रिया रोक दी है। लेकिन कॉलेज प्राचार्य डॉ. ओपी कुलश्रेष्ठ ने मेरिट में चयनित छात्रों को आश्वास्त किया है कि सभी चयनितों को दाखिले का मौका दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान छात्र संख्या के लिहाज से कॉलेज में शिक्षकों के नए 22 पद सृजित होने की जरूरत है।
पहले से ही शिक्षक कम हैं तो इससे अधिक सीटें नहीं बढ़वाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि कुछ छात्र नेता चाहते हैं कि प्रवेश प्रक्रिया बाधित हो, ताकि मेरिट में चयनित छात्र कहीं और दाखिला ले लें। लेकिन ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।
तालाबंदी करने वालों में महासचिव प्रदीप तोमर, पूर्व अध्यक्ष हिमांशु कुमार, पूर्व महासचिव विपुल गौड़, संदीप धीमान, अरुण कुमार, रोबिन त्यागी, संदीप चमोली, नित्यानंद कोठियाल, प्रवेश परमार, रोहन जोशी, सौरभ गुलेरिया आदि मौजूद रहे।