उत्तराखंड में नये शैक्षिक सत्र 2017-18 से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षार्थियों को इंग्लिश और हिंदी दोनो भाषाओं में बोर्ड का अंक व प्रमाण पत्र मिलेगा। विभाग की ओर से इसकी तैयारी की जा रही है।
प्रदेश में परीक्षार्थियों को पूर्व में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का अंक व प्रमाण पत्र दोनो अलग-अलग मिलते रहे हैं, लेकिन बाद में इसे एक साथ दिया जाने लगा। गैरसैंण विधान सभा सत्र के दौरान यह सवाल उठने पर कि अंक व प्रमाण पत्र में माता पिता का नाम हिंदी में भी दिया जाए।
विभाग की ओर से इसकी कवायद की जा रही है। शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा आरके कुंवर के मुताबिक बोर्ड परीक्षार्थियों को दिया जाने वाला अंक व प्रमाण पत्र हिंदी में भी है, लेकिन यह पूरी तरह से हिंदी में नहीं है। इसे अब अगले शिक्षा सत्र से हिंदी में दिया जाएगा। यह पहले इंग्लिश और उसके नीचे हिंदी में होगा।
क्या कहते हैं निदेशक
प्रदेश में 17 मार्च से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा शुरू होने जा रही है। इसमें हाईस्कूल में एक लाख 53 हजार एवं इंटरमीडिएट में एक लाख 33 परीक्षार्थी हैं। शिक्षा निदेशक के मुताबिक परीक्षाएं संपंन होने के बाद मई अंतिम सप्ताह तक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।